![]() |
| बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप |
◆ बरहेट चौक मस्जिद के सामने गली में खड़ी कार से मिला नशीला पदार्थ, एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज
संवाददाता
बरहेट(साहिबगंज ) :- बरहेट बाजार में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए पुलिस ने एक कार से 900 शीशी कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया है। मामले में बरहेट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरहेट थानां परिसर में बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 22 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहेट बाजार स्थित चौक मस्जिद के सामने वाली गली में एक सिल्वर कलर की हुंडई आई-10 कार खड़ी है, जिसमें अवैध सामान लदा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सशस्त्र बल की सहायता से कार की तलाशी ली।कार की तलाशी करते देख तीन लोग फरार हो गए।
तलाशी के दौरान कार से प्लास्टिक में पैक 10 डिब्बे बरामद किए गए। इनमें 30 पीस के एक बंडल में कुल 300 पीस तथा पांच कार्टन में प्रत्येक कार्टन में 30 पीस के बंडल में कुल 600 पीस कफ सिरप मिला। इस प्रकार कुल 900 पीस कफ सिरप बरामद किया गया। सभी शीशियों पर 100 मिलीलीटर अंकित था। बरामद कफ सिरप पर ‘ओनेरेक्स’ नाम लिखा हुआ था।
पुलिस ने कफ सिरप के साथ पश्चिम बंगाल की पंजीकरण संख्या (डब्ल्यूबी-40एस-5431) वाली हुंडई आई-10 कार को जब्त कर थाना लाया। इस संबंध में बरहेट थाना कांड संख्या 128/26, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 के तहत स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वहीँ दल में सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक घनश्याम कुमार मंडल तथा बरहेट थाना के सशस्त्र बल और नव नियुक्त चौकीदार शामिल थे।
पुलिस मामले की आगे की जांच सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न बिंदुओं पर कर रही है।


إرسال تعليق