Top News

रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा कैम्प कोर्ट सह टिकट जाँच अभियान आयोजित।विभिन्न मामलों का हुआ निष्पादन।

◆ मामलों के सुनवाई में 21300 रुपये एवं बिना टिकट के यात्रियों से 44,720 रुपये जुर्माने की हुई वसूली


रिपोर्ट:-सन्नी कु.भगत

बरहरवा:-मंगलवार को साहेबगंज रेलवे मजिस्ट्रेट राहुल कुमार द्वारा बरहरवा रेलवे स्टेशन पर पूर्व निर्धारित कैंप कोर्ट सह टिकट जांच अभियान का आयोजन किया गया।रेलवे मजिस्ट्रेट राहुल कुमार के नेतृत्व में बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर  संजीव कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत कुमार एवं अन्य आरपीएफ अधिकारी कर्मचारियों के संयुक्त दल द्वारा बरहरवा रेलवे स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया।जाँच अभियान के दौरान महिला कोच, दिव्यांग कोच एवं लगेज/सामान डिब्बों में अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त रेलवे ट्रैक पार करने वाले, अवैध वेंडरिंग करने वाले, स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने, धूम्रपान करने तथा बिना बुकिंग सामान ले जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान आरपीएफ पोस्ट बरहरवा द्वारा कुल 96 मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को गिरफ्तार/दंडित किया गया एवं उन्हें स्टेशन परिसर में आयोजित कैंप कोर्ट में रेलवे मजिस्ट्रेट साहेबगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां कुल ₹ 21,300/- की जुर्माना राशि वसूल की गई। वहीं बिना टिकट यात्रा कर रहे 102 लोगो से कुल 44,720/–रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेलवे मजिस्ट्रेट राहुल कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, ट्रैक पार करने की घटनाओं में कमी लाकर संभावित रेल दुर्घटनाओं को रोकना, अवैध वेंडरिंग पर नियंत्रण स्थापित करना तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। साथ ही आम जनता को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना भी इस कार्रवाई का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने आगे बताया कि इस प्रकार के विशेष जांच अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि रेलवे परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
Bol Jharkhand News
Bol Jharkhand News