ब्यूरो रिपोर्ट:-सन्नी कु.भगत
बरहरवा: जब आप सामाजिक सेवा में अपना योगदान देते है तो आपकी निष्ठा और कार्य करने की शैली बताती है कि आप किस सम्मान और पहचान के हकदार है ,और जब ईमानदारी से अपने कर्तव्यों को निभाते है तो उसका प्रतिफल आपको जरूर मिलेगा।ऐसा ही दृश्य देखने को मिला है ।राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रांची स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026 के दौरान बरहरवा प्रखंड के दरियापुर पंचायत के मुखिया मो. इस्तियाक को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विभिन्न पंचायतों को उनके बेहतर कार्यों के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास सह पंचायती राज मंत्री दीपिका सिंह पांडे द्वारा दरियापुर पंचायत को बेहतर कार्य करने हेतु 10 लाख रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान पंचायत स्तर पर किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मुखिया मो. इस्तियाक ने इसे अपने पंचायतवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि लोगों के विश्वास और सहयोग ने ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। उन्होंने जिला स्तर के अधिकारियों, विशेष रूप से जिला पंचायत राज पदाधिकारी, डीपीएम एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद को भी सम्मानित किया गया। यह पहल राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने और पंचायत प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें