![]() |
| बच्चों को फल वितरण करते जिलाध्यक्ष बरकत खान |
बरहरवा:-झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के माननीय अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता के 56वें जन्मदिवस के अवसर पर बरहरवा प्रखंड मुख्यालय एवं बरहरवा-राजमहल रोड स्थित काँग्रेस कार्यालय में संयुक्त रूप से जनहित एवं जनउपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने राहुल गांधी के चित्र के समक्ष केक काटकर उनका जन्मदिवस उत्साहपूर्वक मनाया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक एवं मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा राहुल गांधी के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
जन्मदिवस समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं।
जन्मदिवस कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं द्वारा सामुदायिक सेवा की भावना के तहत बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया गया। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान उपस्थित रहे। उन्होंने राहुल गांधी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष देश के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारीगण,कार्यकर्तागण एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


एक टिप्पणी भेजें