रांची:- झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू (हीटवेव) के बीच स्कूलों को बंद करने का आदेश हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस बात के संकेत दिये हैं। उन्होंने इस संबंध मंस उपायुक्तों को भी निर्देश जारी किया है। इधर झारखंड में बढ़ती गरमी के खतरे को देखते हुए सरकार ने पूरी प्रशासनिक और स्वास्थ्य व्यवस्था को हाई अलर्ट पर कर दिया है। आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए और आम जनता की सुरक्षा में कोई कमी न रहे।
स्कूलों में अवकाश पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप अधिक है, वहां तत्काल प्रभाव से स्कूलों में कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित किया जाए।उनका स्पष्ट कहना है कि भीषण दोपहर की गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ जोखिम लेने जैसा है। ऐसे में जिला प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश:-
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर, नर्स, सहीया कार्यकर्ता और चिकित्सा स्टाफ पूरी तरह अलर्ट रहें।अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त दवाएं, बेड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री खुद कर रहे मॉनिटरिंग
बताया जा रहा है कि मंत्री स्वयं पूरे राज्य की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हर स्तर पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार अपडेट देने और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
येलो अलर्ट जारी, तापमान 44°C तक पहुंचने की आशंका
मौसम विभाग ने 19 और 20 अप्रैल के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी एवं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से दोपहर में घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।राज्य में बढ़ती गर्मी ने चिंता जरूर बढ़ा दी है, लेकिन सरकार और प्रशासन ने इससे निपटने के लिए पूरी तैयारी शुरू कर दी है

एक टिप्पणी भेजें