◆ विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर सख्ती, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए दिए निर्देश
साहेबगंज:-जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे द्वारा आज बोरियो प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत बोरियो प्रखंड स्थित राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय से की गई। उपायुक्त ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ एवं विद्यालय की सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति को गंभीरता से संज्ञान में ली गई। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने प्रधानाचार्य का वेतन स्थगित करने एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, रोस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की। साथ ही मध्यान्ह भोजन (MDM) के तहत बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। उन्होंने भोजन की स्वच्छता एवं पोषण मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई, जहां दो चापाकल एवं एक बोरिंग खराब पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बांझी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने दवाइयों एवं टीकों की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रसव कक्ष, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, डायग्नोस्टिक कक्ष एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान एएनएम द्वारा जानकारी दी गई कि स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित सोलर पैनल लाइट खराब है तथा मुख्य द्वार से पोर्टिको तक पेवर ब्लॉक की आवश्यकता है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए पेवर ब्लॉक निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार कर कार्यालय में प्रस्तुत करने एवं सोलर पैनल विद्युत आपूर्ति को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिए। उन्होंने बांझी स्थित पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया।
इसके पश्चात उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोरियो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आकस्मिक कक्ष, परिचारिका कक्ष, प्रयोगशाला, नेत्र जांच कक्ष, टीकाकरण कक्ष, शीत श्रृंखला कक्ष, एक्स-रे कक्ष एवं बाह्य रोगी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता,25 / 04 / 2026 टीकाकरण व्यवस्था एवं विशेष रूप से एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित किया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बोरियो प्रखंड सभागार में विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त ने प्रखंड अंतर्गत 17 पंचायतों की स्थिति की समीक्षा की तथा पंचायत सचिवों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जन-मन आवास योजना, अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, 15वें वित्त आयोग की योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं भूमि अधियाचन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक शत-प्रतिशत पहुंचे।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



एक टिप्पणी भेजें