ब्यूरो रिपोर्ट:-सन्नी कु.भगत
बरहरवा : नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 8 में नाली जाम की समस्या को लेकर वार्ड पार्षद केया सिन्हा ने बरहरवा नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार को लिखित आवेदन दिया है। दिए गए पत्र में बताया है कि वार्ड में कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण पानी सड़कों पर बहने लगा है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि लोगों को गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि हल्की बारिश होते ही जलभराव और अधिक गंभीर हो जाता है। आवेदन में खास तौर पर कुछ प्रमुख स्थानों का उल्लेख किया गया है, जहां समस्या अधिक दयनीय बनी हुई है। जिसमें रेखा देवी के घर से काली मंदिर तक, मिथुन दास के घर से गीता देवी के घर तक, तथा बंगालीपाड़ा क्षेत्र के कुछ हिस्से शामिल हैं। इन इलाकों में नाली का पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह भी बताया कि 13 अप्रैल को भी नाली सफाई के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पार्षद ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित जगहों पर जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके ,साथ ही सफाई कर्मियों को नियमित साफ सफाई के लिए निर्देशित किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें