![]() |
| शेरसाहबादी डेवलोपमेन्ट सोसाइटी बाइक रैली |
सन्नी कु.भगत,ब्यूरो रिपोर्ट
बरहरवा:प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शेरसाहबादी समाज के युवाओं ने जागरूकता अभियान चलाया।मिली जानकारी के अनुसार शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र पुनः निर्गत करने की मांग को लेकर आगामी 04 मई को बरहरवा प्रखंड परिसर में आयोजित होने वाली अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार को शेरशाहबादी डेवलपमेंट सोसाइटी के सदस्यों द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस क्रम में संगठन के सदस्यों ने बाइक रैली निकालकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया।
बाइक रैली श्रीकुंड, पलाशबोना, अगलोई, हस्तीपाड़ा, जमालपुर, हरिहरा, महाराजपुर, रूपसपुर, कांकजोल समेत दर्जनों गांवों से होकर गुजरी, जहां समाज के लोगों को आगामी 4 मई से शुरू होने वाले धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा जताया।
विदित हो कि बरहरवा प्रखंड में शेरशाहबादी समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है, जो सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़ी हुई है। पूर्व में इस समुदाय के लोगों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाते थे, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था। लेकिन पिछले लगभग 14 वर्षों से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करना बंद कर दिया गया है, जिसके कारण समुदाय के युवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन के सदस्यों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर वे लंबे समय से आंदोलनरत हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में अब 4 मई से प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जो मांग पूरी होने तक जारी रहेगा।
संगठन ने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि समुदाय को उसका हक मिल सके।
मौके पर आजमाइल शेख, इंतखाब आलम, फहीम शेख, नईम अख्तर, आफताब आलम, शाहीन अख्तर सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें