Top News

फंदे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी बरहरवा थाना पुलिस

घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस 


संवाददाता 

बरहरवा:- थाना क्षेत्र के कहारपाड़ा के समीप बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग मे एक निजी कार्यालय में शनिवार की  सुबह फंदे से लटका एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कहरपाड़ा निवासी जहरुल शेख के पुत्र शाहबाज शेख के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार, शाहबाज दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। बताया गया कि वह पिछले करीब तीन-चार वर्षों से बड़े वाहनों की देखभाल का काम करता था। इसी सिलसिले में वह घटनास्थल के आसपास रात में सोया करता था।

शनिवार सुबह करीब सात बजे एक महिला फूल तोड़ने के लिए घटनास्थल के समीप पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर फंदे से लटके युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बरहरवा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह एवं एसएसआई अविनाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Barharwa News, Sahibganj, Crime, Bol Jharkhand News, Jharkhand Police, Suspicious Death


Post a Comment

और नया पुराने
Bol Jharkhand News
Bol Jharkhand News