
जनता बराबर में समस्याओं को सुनते प्रतिनिधि बरकत खान
सन्नी भगत,ब्यूरो रिपोर्ट
बरहरवा:- प्रखंड परिसर स्थित विधायक कक्ष में प्रत्येक मंगलवार की भाँति इस सप्ताह भी विधायक प्रतिनिधि बरकत खान के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अपनी अपनी समस्याओं को विधायक कक्ष पहुंचे और समस्याओं के समाधान की मांग की।
लोगों ने जमीन विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्त, मंईया सम्मान योजना, पेयजल संकट, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं समेत कई जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास की दूसरी किस्त भुगतान में हो रही देरी को लेकर शिकायत दर्ज कराई, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित होने की बात सामने आई।
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। वहीं जटिल एवं प्रशासनिक स्तर से जुड़े मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों के निष्पादन के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर लोगों की परेशानियों को कम करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से आयोजित होने वाले जनता दरबार के माध्यम से अब तक सैकड़ों लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है और उन्हें अपनी बात रखने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता दरबार के आयोजन से क्षेत्र के लोगों में भरोसा बढ़ा है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल हुई है। लोगों ने ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की नियमति रूप से संचालन को लेकर अति आवश्यकता भी जताई है।

एक टिप्पणी भेजें