संवादाता
कोटालपोखर: पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सियुली डांगा स्थित कांग्रेस मंडल अध्यक्ष विकास सिंह के आवास पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पाकुड़ विधानसभा के पूर्व विधायक एवं झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके गृह क्षेत्र आगमन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि पूर्व विधायक आलमगीर आलम 22 मई 2026 को करीब शाम 4 बजे अपने स्थायी निवास, पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत इस्लामपुर पहुंचेंगे। यह सूचना मिलते ही कोटालपोखर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आलमगीर आलम के स्वागत को लेकर विस्तार से चर्चा की और उनके भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगभग दो वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अपने पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री को देखने को लेकर सभी में उत्साह है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि वे लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे थे और अब जमानत मिलने के बाद उनमें खुशी का माहौल है।बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस मंडल अध्यक्ष विकास सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, सोशल मीडिया चेयरमैन नेहाल अख्तर, कोटालपोखर पंचायत अध्यक्ष रंजीत भंडारी, बिनोद घोष, नसीम मंसूरी, अजय साह, राजेश साह, रब्बानी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ता कोटालपोखर के शांति चौक पर एकत्रित होंगे और उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपने नेता के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है और सभी कार्यकर्ता स्वागत को लेकर उत्साहित हैं।

एक टिप्पणी भेजें