Top News

पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के आवास पर कांग्रेस की अहम बैठक, SIR मैपिंग व अनपेजिंग को लेकर BLA-2 कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश

 


संवादाता

बरहरवा:-सोमवार को झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के इस्लामपुर स्थित आवास प्रांगण में कांग्रेस पार्टी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने की। इस बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों व पंचायतों के अध्यक्षों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नव-नियुक्त BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे SIR (सिस्टमैटिक इन्वॉल्वमेंट एंड रजिस्ट्रेशन) मैपिंग और अनपेजिंग प्रक्रिया को लेकर BLA-2 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना तथा विशेष दिशा-निर्देश देना था।

कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, पूरी निष्ठा से करें काम: आलमगीर आलम

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में बनाए गए BLA-2 का एकमात्र लक्ष्य और उद्देश्य यह होना चाहिए कि क्षेत्र के किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम SIR सूची से न छूटे। उन्होंने कहा, आज भी कई ऐसे परिवार हैं जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है या जिन्हें अपना नाम खोजने में परेशानी आ रही है। BLA-2 कार्यकर्ता बूथ स्तर पर BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि हर सही व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज हो। BLA खुद को सिर्फ एक कार्यकर्ता न समझें, वे पार्टी की रीढ़ हैं और उन्हें पूरी निष्ठा से इस जिम्मेदारी को निभाना है।

 

तकनीकी बारीकियों को समझना जरूरी: मास्टर ट्रेनर हीरालाल साहा,मुरसलीन खान,सरफराज आलम


बैठक में उपस्थित मास्टर BLA ट्रेनर हीरालाल साहा ने कार्यकर्ताओं को तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि SIR मैपिंग और अनपेजिंग की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा,सभी BLA-2 अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर डेटा का बारीकी से मिलान करें। अनपेजिंग और मैपिंग के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए ट्रेनर्स हमेशा उपलब्ध हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि शत-प्रतिशत त्रुटिहीन काम हो।


जनता के हक के लिए मुस्तैद रहें कार्यकर्ता: बरकत खान

जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। SIR मैपिंग आम जनता से जुड़ा एक गंभीर विषय है। इसलिए सभी कार्यकर्ता और पंचायत अध्यक्ष चुनावी मोड में आकर धरातल पर काम करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।


प्रखंड स्तर पर हर बूथ को मजबूत करेंगे: रंजीत टुडू

बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के कुशल मार्गदर्शन में बरहरवा प्रखंड के सभी पंचायतों और मंडलों में इस अभियान को युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा,प्रखंड कमेटी पूरी तरह से सक्रिय है। सभी मंडल और पंचायत अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में BLA-2 के कार्यों की निगरानी करेंगे ताकि शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन हो सके।" बैठक में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ तनवीर आलम बरहरवा प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, रैसूल आलम,बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता, बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं BLA-2 मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने
Bol Jharkhand News
Bol Jharkhand News